झूमेलो ग्रुप ने धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

खबरे शेयर करे :

मसूरी।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झूमेलो ग्रुप द्वारा धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से महिला शक्ति का उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के लिए कई खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं, वहीं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
झूमेलो ग्रुप की अध्यक्ष प्रमिला पवार नेगी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के पूरे वर्ष के समर्पण और योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पूरे वर्ष अपने परिवार, रिश्तेदारों, समाज और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि महिला दिवस एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिए महिलाएं अपने जीवन की स्वतंत्रता का एहसास करती हैं और घर-परिवार की जिम्मेदारियों से समय निकालकर अपने लिए भी कुछ पल जीती हैं। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने व्यक्तित्व को अभिव्यक्त करने और आपसी संवाद बढ़ाने का अवसर देते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में महिला का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक महिला ही पूरे घर-परिवार, बच्चों, रिश्तेदारों और समाज को जोड़कर रखने का कार्य करती है। इसलिए जो भी व्यक्ति महिला दिवस मनाता है, वह वास्तव में बधाई का पात्र है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और सभी ने उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। अंत में केक सेरमनी कर इस कार्यक्रम को समाप्त किया गया ।


खबरे शेयर करे :