कचहरी की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल ?

खबरे शेयर करे :

  1. मसूरी कचहरी व्यवस्थाओं पर सभासद ने उठाए सवाल, 7 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की दी चेतावनी

    मसूरी नगर पालिका परिषद के सभासद अमित भट्ट ने मसूरी शहर में कचहरी कार्यों की अव्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी देहरादून को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए शहर की राजस्व और तहसील व्यवस्थाओं को बेहद दयनीय बताया गया है।
    सभासद ने कहा कि राजधानी के सबसे निकट स्थित पर्यटन नगर होने के बावजूद मसूरी लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है। मुख्यमंत्री द्वारा तहसील की घोषणा के बाद भी व्यवस्थाओं में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है।
    पत्र में आरोप लगाया गया कि पिछले लगभग एक महीने से मसूरी में पटवारी की नियुक्ति नहीं है, जिससे स्थायी निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और वारिसान प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्य लंबित पड़े हैं। इसके कारण कई युवाओं का विश्वविद्यालय में प्रवेश भी प्रभावित हुआ है तथा बुजुर्गों की पेंशन संबंधी कार्यवाही भी अटकी हुई है।
    इसके अलावा, मसूरी में अभी भी कचहरी कार्य ऑनलाइन न होकर ऑफलाइन होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में भी कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। साथ ही, मसूरी में स्थायी उपजिलाधिकारी, नायब तहसीलदार और पटवारी की नियुक्ति न होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
    पत्र में कचहरी परिसर में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा के खराब हालात का भी उल्लेख किया गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को अक्सर बिना कार्य हुए लौटना पड़ता है।
    सभासद अमित भट्ट ने प्रशासन से सात दिनों के भीतर स्थायी या नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
    इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।इस मोके पर सभासद अमित भट्ट ,तरुण नेगी ,आशीष जोशी ,सचिन पंवार ,आशीष कुमार , शिवम् कुमार ,तुषार ,राजेश मौजूद रहे।


खबरे शेयर करे :