माल रोड की खूबसूरती में लगा एक और चार चांद, पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना सेल्फी प्वाइंट
मसूरी, उत्तराखंड।
पहाड़ों की रानी मसूरी की ऐतिहासिक माल रोड की खूबसूरती को और निखारने के लिए नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से बनाया गया आकर्षक सेल्फी प्वाइंट इन दिनों स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है। यहां पहुंचने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग इस खूबसूरत सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर मसूरी की यादों को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मसूरी की माल रोड का अपना ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है। करीब 200 वर्ष पूर्व कैप्टन यंग द्वारा बसाई गई पहाड़ों की रानी मसूरी आज देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। उत्तराखंड की पहचान को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में मसूरी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यही वजह है कि यहां की ऐतिहासिक माल रोड पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र मानी जाती है।
माल रोड की खासियत यह है कि इसका स्वरूप और यहां का वातावरण अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान रखता है। पूर्व में यहां पटरी व्यवसायियों की दुकानें हुआ करती थीं, लेकिन अब उनके स्थान पर पर्यटकों की सुविधा के लिए जगह-जगह बेंच लगाई गई हैं, ताकि लोग प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए आराम से बैठ सकें।
वहीं, माल रोड पर जगह-जगह लगाए गए इलेक्ट्रिक बोलार्ड और अन्य व्यवस्थाओं के चलते वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को नियंत्रित किया गया है, जिससे पैदल घूमने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
अब इसी खूबसूरत माल रोड पर नगर पालिका द्वारा विकसित सेल्फी प्वाइंट ने इसकी सुंदरता में एक नया आकर्षण जोड़ दिया है। यहां दिनभर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। हर कोई इस खास स्थान पर अपनी तस्वीरें खिंचवाकर मसूरी की खूबसूरत यादों को अपने साथ ले जाना चाहता है।
कुल मिलाकर, मसूरी की ऐतिहासिक माल रोड पर विकसित यह सेल्फी प्वाइंट पर्यटन की खूबसूरती को एक नया आयाम दे रहा है। यदि आप भी पहाड़ों की रानी मसूरी घूमने आ रहे हैं, तो यहां के इस आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीर खिंचवाना न भूलें और अपनी मसूरी यात्रा की यादों में एक खूबसूरत पल जरूर जोड़े ।

