मसूरी/देहरादून।
श्री सनातन धर्म मंदिर में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी “एक शाम खाटू श्याम के नाम” कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान खाटू श्याम के भजन-कीर्तन और आराधना की तथा सभी भक्तों के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन या समिति के बैनर तले नहीं किया गया, बल्कि इसका संदेश पूर्णतः आस्था पर आधारित था। आयोजन स्थल पर प्रदर्शित संदेश “करवाने वाला भी खाटू श्याम, करने वाला भी खाटू श्याम” ने भक्तों को विशेष रूप से आकर्षित किया। आयोजकों ने कार्यक्रम का श्रेय स्वयं लेने के बजाय भगवान खाटू श्याम को समर्पित करते हुए “तेरा तुझको अर्पण” की भावना व्यक्त की।
इस दौरान भक्ति संगीत के बीच भगवान खाटू श्याम की सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर निहारा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
आयोजकों ने बताया कि भगवान खाटू श्याम अपने भक्तों पर विशेष कृपा बनाए रखते हैं और आस्था के साथ की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने कहा कि “हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा” की भावना के साथ यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और आगे भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा।
