मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय युवक की मौत, दोस्त पर वाहन से कुचलने का आरोप

मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय युवक की मौत, दोस्त पर वाहन से कुचलने का आरोप

शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद, तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से सतीश की मौत; पुलिस जुटी जांच में

मसूरी (देहरादून)। पहाड़ों की रानी मसूरी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

कोतवाली मसूरी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 नवंबर 2026 की रात करीब 10:16 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सतीश नामक युवक को उसके दोस्त ने मार दिया है और वह मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी एवं अन्य पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, उम्र 28 वर्ष, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम, लंढौर, मसूरी के साथ महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या UK07 CD 2926 में सवार था। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे। शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच दोनों सिविल अस्पताल, सेपलिंग स्टेट के पास पहुंचे, जहां किसी अन्य व्यक्ति के साथ उनकी बहस हो गई।

इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल वाहन के पीछे की ओर चले गए। कुछ समय बाद वापस लौटने पर वाहन चालक सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और फिर वापस आया। पुलिस के अनुसार, वापस आते समय वाहन तेज गति में था और सड़क किनारे खड़े सतीश को वाहन का किनारा लगने की आशंका है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सतीश को तत्काल लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल कोतवाली मसूरी पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। पुलिस दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों, युवक की मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

Advertisement