मसूरी, उत्तराखंड
मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के हालिया चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अध्यक्ष रजत अग्रवाल और उनके पूरे पैनल द्वारा आज शहर में आभार यात्रा निकाली गई। इससे पहले भी चुनाव परिणामों में रजत अग्रवाल अपने पूरे पैनल के साथ शानदार जीत दर्ज कर चुके हैं, जिसके बाद अब उन्होंने व्यापारियों का धन्यवाद ज्ञापित करना शुरू कर दिया है।
पर्यटन नगरी मसूरी में व्यापार मंडल चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में आज अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में उनके पैनल ने लंढौर से आभार यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा लंढौर बाजार से होते हुए घंटाघर, पिक्चर पैलेस और शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों तक पहुंची।
यात्रा के दौरान अध्यक्ष रजत अग्रवाल और उनके सहयोगियों ने मसूरी के व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में पहुंचकर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। जगह-जगह व्यापारियों ने भी उनका स्वागत किया और जीत की बधाई दी।
अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि यह सिर्फ मेरी और मेरे पैनल की जीत नहीं है, बल्कि पूरे मसूरी के व्यापारियों की जीत है। जिस विश्वास के साथ व्यापारियों ने हमें चुना है, हम उस पर खरा उतरते हुए शहर के विकास और व्यापारियों के हित में हर संभव कार्य करेंगे।”
ज्ञात हो कि मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव कल ही संपन्न हुए हैं , जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने मतदान किया था। चुनाव में रजत अग्रवाल के पैनल ने विभिन्न पदों पर जीत हासिल कर नई कार्यकारिणी का गठन किया है।
अब जीत के बाद नई टीम द्वारा शहर में सक्रियता बढ़ाते हुए व्यापारियों से सीधा संवाद और आभार प्रकट करने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है, जिससे आने वाले समय में व्यापार मंडल की कार्यशैली को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
फिलहाल देखना होगा कि व्यापारियों के भरोसे पर नई कार्यकारिणी कितनी खरी उतरती है और मसूरी के व्यापार और विकास को किस दिशा में आगे बढ़ाती है।
