मसूरी-देहरादून मार्ग पर बार-बार मलवा आने से यातायात बाधित, स्थायी समाधान की मांग तेज

खबरे शेयर करे :

मसूरी-देहरादून मार्ग पर बार-बार मलवा आने से यातायात बाधित, स्थायी समाधान की मांग तेज



मसूरी, उत्तराखंड।

मॉनसून सीजन में लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर मलवा आने से यातायात बाधित हो गया। किंग क्रैग से नीचे और जेपी बैंड से पहले सड़क पर भारी मात्रा में मलवा फैलने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के कर्मचारी जेसीबी मशीनों की सहायता से मार्ग खोलने में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या किसी एक दिन या एक मानसून तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि आसपास के नालों में भू-माफियाओं, खनन माफियाओं और कुछ ठेकेदारों द्वारा मलवा डाला जाता है, जो तेज बारिश के दौरान बहकर सड़क पर आ जाता है। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

नागरिकों का कहना है कि अनियंत्रित विकास, होटल और होमस्टे की बढ़ती संख्या तथा अवैध निर्माण गतिविधियां भी इस समस्या को गंभीर बना रही हैं। मसूरी की जनता लंबे समय से शासन, प्रशासन और नगर पालिका से स्थायी समाधान की मांग कर रही है, ताकि हर बारिश में सड़क बंद होने की स्थिति से निजात मिल सके।
कुछ दिन पहले भी क्षेत्र के कई घरों में मलवा घुसने की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे वहां रहने वाले कई स्थानीय परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। लोगों का कहना है कि नालों में डाला जा रहा अवैध मलवा अब जनजीवन के लिए स्थायी खतरा बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि यदि किसी पर्यटक, स्थानीय निवासी, अधिकारी या कर्मचारी को आपातकालीन स्थिति में देहरादून अस्पताल पहुंचना हो, तो बार-बार बाधित होने वाले इस मार्ग के कारण गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से वैकल्पिक मार्गों के विकास और नालों की वैज्ञानिक सफाई की मांग की है।
फिलहाल मार्ग खोल दिया गया है, लेकिन हर तेज बारिश के बाद सड़क पर मलवा आने की समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों से इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।


खबरे शेयर करे :