धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थल तय

खबरे शेयर करे :

📰
स्थान : मसूरी, उत्तराखंड
तारीख : 08 अप्रैल 2026

धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थल तय

मसूरी में धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थल के चयन को लेकर प्रशासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। संयुक्त निरीक्षण के बाद प्रशासन द्वारा कैमल बैक रोड स्थित स्थल बहगुणा पार्क हवाघर को उपयुक्त मानते हुए अनुमति प्रदान की गई है।

पर्यटन नगरी मसूरी में धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थल के चयन हेतु गठित समिति की संस्तुति पर प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मसूरी और नायब तहसीलदार मसूरी की संयुक्त समिति द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद कैमल बैक रोड को धरना-प्रदर्शन के लिए उपयुक्त स्थल माना गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस स्थान का चयन किया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान यातायात पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त स्थल सांस्कृतिक दृष्टि से भी संवेदनशील नहीं है, जिससे किसी प्रकार की जन असुविधा या व्यवधान उत्पन्न होने की संभावना कम है। विभिन्न विभागों द्वारा निरीक्षण के बाद समिति की रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए इस स्थान को अधिकृत किया गया है।
उप जिलाधिकारी मसूरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब धरना-प्रदर्शन इसी निर्धारित स्थल पर किए जाएंगे। साथ ही नगर पालिका को निर्देश दिए गए हैं कि वहां सूचना बोर्ड लगाने के साथ ही शौचालय, सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कोतवाली मसूरी और नायब तहसीलदार को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।


खबरे शेयर करे :