अवैध पार्किंग पर नगर पालिका सख्त, यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज

खबरे शेयर करे :

मसूरी, उत्तराखंड

पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका परिषद ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में हिमालय क्लब और नगर पालिका रोड क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों पर क्लिप और स्टॉपर लगाए गए।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा हाल ही में 90 दिनों के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहकर वन-वे यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही वन-वे मार्गों को पूरी तरह अवैध पार्किंग मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वन-वे यातायात मार्गों पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने टैक्सी चालकों और निजी वाहन स्वामियों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए गलत स्थान पर वाहन खड़ा किया गया, तो उसके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मसूरी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का सहयोग बेहद आवश्यक है। सभी के सहयोग और यातायात नियमों के पालन से ही शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाई जा सकती है। नगर पालिका प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

नितेश उनियाल

 


खबरे शेयर करे :