मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसा गज्जी बैंड से कुछ नीचे उस समय हुआ, जब मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा टैंकर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना सुबह करीब 5:53 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने घायल चालक को क्षतिग्रस्त टैंकर से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए निजी वाहन से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया। हादसे की सूचना चालक के परिजनों और टैंकर मालिक को भी दी गई, जिसके बाद टैंकर मालिक भी मौके पर पहुंचे।
मृतक की पहचान अक्षय असवाल (25 वर्ष) पुत्र श्री प्रेम सिंह असवाल, निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही वैधानिक कार्रवाई और पंचायतनामा की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
मसूरी में दर्दनाक हादसा: गज्जी बैंड के पास खाई में गिरा पानी का टैंकर, चालक की मौत
