अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मसूरी में भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
मसूरी, उत्तराखंड। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा टाउन हॉल में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, योग प्रशिक्षकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने योग मैट पर एक घंटे तक विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों और आचार्यों ने विश्व को प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए योग से बेहतर कोई औषधि नहीं हो सकती। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पहाड़ों की रानी मसूरी का स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण योग के लिए अत्यंत अनुकूल है। देश-विदेश के लोग यहां की शुद्ध हवा और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे रमणीय वातावरण में योग करना अपने आप में एक विशेष अनुभव है। उन्होंने शहरवासियों तथा मसूरी आने वाले पर्यटकों से नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया और उपस्थित लोगों को योग के महत्व तथा उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
“जो करेगा योग, वह रहेगा हमेशा निरोग” के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
