भारी वर्षा के बीच उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुई 22वीं ‘रन फॉर नेशन’ दौड़

खबरे शेयर करे :

410 प्रतिभागियों ने लिया भाग, मसूरी के छात्र-छात्राओं ने दिखाया जोश और जज्बा

मसूरी, उत्तराखंड।

भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम के बावजूद मसूरी में आयोजित 22वीं ‘रन फॉर नेशन’ दौड़ उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में 410 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का प्रेरक संदेश दिया। मसूरी के लगभग सभी प्रमुख हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने दौड़ में भाग लिया, जबकि करीब 30 शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन से जुड़े सदस्य व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे।
प्रतियोगिता का आयोजन मसूरी नगर पालिका परिषद और रोटरी मसूरी के सहयोग से किया गया। खेल संयोजन की जिम्मेदारी मसूरी खेल एवं सांस्कृतिक समिति ने निभाई।
दौड़ प्रतियोगिता कुल 12 वर्गों में आयोजित की गई। इनमें 10 वर्ष से कम आयु बालक एवं बालिका, 12 वर्ष से कम, 14 वर्ष से कम, 16 वर्ष से कम, 19 वर्ष से कम तथा ओपन बालक एवं बालिका वर्ग शामिल रहे। लगातार बारिश के बावजूद प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी रहीं। इस अवसर पर मसूरी खेल एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र राणा सहित नरेन्द्र पडियार, राजेश सक्सेना, उदित शाह, अनीता चंद्रा, शीखा नेगी बिष्ट, विनोद बिष्ट और अरविन्द सोनकर समेत समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
दौड़ के सफल संचालन में समीर रैना, सेमुल चंद्रा, सुनील पंवार, अमित कैन्तुरा, परविन्द रावत और कविता नेगी सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोटरी मसूरी की ओर से अध्यक्ष अश्वनी मित्तल के साथ रजत अग्रवाल, नूपुर कैन्तुरा, शैलेन्द्र कर्णवाल, मनोरंजन त्रिपाठी और महेश सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि ‘रन फॉर नेशन’ का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, अनुशासन एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति मसूरी के युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने केलोंग्स चर्च लैंग्वेज स्कूल, आईटीएम मसूरी, सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया


खबरे शेयर करे :