मसूरी,
मसूरी के माल रोड और कोलूखेत बैरियर पर अत्याधुनिक फास्टैग (FASTag) प्रणाली लागू करने की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और नगर पालिका प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को NHAI और पालिका प्रशासन की संयुक्त टीम ने माल रोड स्थित दोनों बैरियरों तथा कोलूखेत इको-पर्यटन शुल्क बैरियर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान फास्टैग प्रणाली की स्थापना के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाओं और आधारभूत ढांचे का आकलन किया गया। इसके बाद आयोजित बैठक में दोनों विभागों के बीच प्रस्तावित एमओयू (MOU) की आगामी कार्रवाई को आगे बढ़ाने से पूर्व एक आम बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
प्रस्तावित फास्टैग व्यवस्था लागू होने से बैरियरों पर वाहनों की लंबी कतारों में कमी आएगी, पर्यटन शुल्क संग्रहण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी तथा यात्रियों का समय भी बचेगा।
बैठक में NHAI के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञों, पालिका अध्यक्ष, सभासदों, अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
– माल रोड और कोलूखेत बैरियर पर जल्द लागू हो सकती है फास्टैग व्यवस्था।
– वाहनों की आवाजाही होगी सुगम, शुल्क संग्रहण में आएगी पारदर्शिता।
– NHAI और पालिका प्रशासन के बीच एमओयू प्रक्रिया को मिलेगी गति।
संपादक
नितेश उनियाल
