मसूरी, उत्तराखंड
भारी बारिश में सड़क पर गिरा विशाल पेड़, आवाजाही बाधित
पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। पेड़ गिरने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मसूरी के बेकरी हिल कार पार्किंग से पहले तथा मच्छी वाले के समीप भारी बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग लगभग पूरी तरह बाधित हो गया। फिलहाल केवल दोपहिया वाहन ही किसी तरह आवाजाही कर पा रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई। सड़क बंद होने से पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शासन-प्रशासन तथा वन विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। उम्मीद की जा रही है कि वन विभाग की टीम जल्द मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाएगी और मार्ग को सुचारु रूप से यातायात के लिए खोल देगी।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
रिपोर्ट: नितेश उनियाल
स्थान: मसूरी, उत्तराखंड
