लंढौर बाजार में जाम से राहत के लिए वन-वे व्यवस्था होगी सख्ती से लागू

खबरे शेयर करे :

मसूरी (उत्तराखंड)।

मसूरी के लंढौर बाजार क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या और रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की अध्यक्षता में स्थानीय व्यापारियों एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में स्थानीय व्यापारियों ने लंढौर बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख स्थानों पर वन-वे व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग उठाई। इस पर त्वरित निर्णय लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों के समय लंढौर बाजार और घंटाघर क्षेत्र में अनिवार्य रूप से वन-वे व्यवस्था लागू की जाए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले वाहनों तथा अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया। कर अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि बाजार में मुनादी कराकर व्यापारियों से दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया जाए तथा सभी वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि व्यापारियों के प्रतिनिधियों और पुलिस टीम के सहयोग से सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यातायात मार्गदर्शन के लिए जेपी बैंड, घंटाघर, सिविल रोड तथा अनुपम चौक सहित प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही, डिजिटल स्तर पर भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्राधिकारी मसूरी को पत्र भेजा जाएगा, जिससे गूगल मैप पर मसूरी की वन-वे व्यवस्था को अपडेट कराया जा सके।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष, अनिरुद्ध चौधरी, वरिष्ठ सहायक विनोद थपलियाल, कर अधीक्षक, प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान, एसएसआई राजेंद्र रमोला तथा लंढौर क्षेत्र के व्यापारी उपस्थित रहे।

वरिष्ट संवाददाता

नितेश उनियाल


खबरे शेयर करे :