दो दिन की बारिश से कालिका मंदिर के पास नगर पालिका आवास का पुश्ता ढहा

खबरे शेयर करे :

दो दिन की बारिश से कालिका मंदिर के पास नगर पालिका आवास का पुश्ता ढहा
चार शौचालय और किचन भी मलबे में समाए, कई परिवार प्रभावित; बड़ा हादसा टला
मसूरी, उत्तराखंड। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बीच मंगलवार सुबह वार्ड नं 7 में कालिका मंदिर के निकट स्थित नगर पालिका आवास का पुश्ता अचानक ढह गया। पुश्ता गिरने के साथ ही यहां बने चार शौचालय और एक किचन भी क्षतिग्रस्त होकर मलबे में समा गए। घटना से आसपास रहने वाले कई परिवार प्रभावित हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुश्ता ढहने से मौके पर बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे की ओर जा गिरे। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति के इसकी चपेट में आने की सूचना नहीं है और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
सभासद अमित भट्ट ने बताया कि करीब एक माह पूर्व ही संबंधित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। इसके बाद पुश्ते के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा।
पालिका की ओर से प्रभावित परिवारों को समय रहते हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। लगातार बारिश के बीच पुश्ता ढहने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर संरचनाओं को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।


खबरे शेयर करे :